अमरैय्या रामनगर बाईपास पर कोयला लोड ट्रेलर व वाहन में भिड़तः इलाके में यह चौथी घटना

कोरबा 20 सितंबर। औद्योगिक नगर कोरबा में रेलवे स्टेशन की सेकंड एंट्री को जाने वाले बायपास मार्ग पर पिछली मध्य रात्रि को फिर से एक्सीडेंट हो गया। कोयला रोड ट्रेलर की एक दूसरे वाहन से टक्कर हो गई। इस घटना की वजह से रास्ते पर कई घंटे गाडियों का लंबा जाम लग गया। इसके चलते लोग परेशान हुए।
पिछले 10 दिन के भीतर इसी मार्ग पर यह चौथी घटना है। सूत्रों के अनुसार साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड की एक माइंस से कोयला लौटकर ट्रेलर रायगढ़ की तरफ जा रहा था। रामनगर अमरिया बायपास रोड से जाने के दौरान उसकी टक्कर एक दूसरे वाहन से हो गई। इसके नतीजे कोयला रोड वाहन सडक से नीचे उतरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में खाली गाड़ी के केबिन का हिस्सा जबरदस्त तरीके से क्षतिग्रस्त हो गया। उसके चालक और क्लीनर को सामान्य चोट आने की जानकारी मिली है। दूसरी ओर कोयला लोड वाहन सडक से नीचे उतरने के साथ दुर्घटनाग्रस्त हो गया। बताया गया कि इस घटना के चक्कर में बायपास रोड पर मध्य रात्रि से लेकर सुबह तक गाडियों का लंबा जाम लग गया। इसके चलते रेलवे स्टेशन और दूसरे क्षेत्र को जाने वाले लोगों को काफी मुश्किलों से जूझना पड़ा। सुबह इस मामले की जानकारी होने पर स्थानीय ट्रैफिक पुलिस ने संज्ञान लिया और मशक्कत करते हुए जाम हटवाते हुए आवागमन को सामान्य कराया।
बायपास रोड के आसपास आबादी वाला क्षेत्र है और एसईसीएल के कार्यालय भी। रेलवे स्टेशन के लिए कम दूरी का रास्ता यहां से होकर जाता है इसलिए लोगों की आवाजाही यहां से होती है। इस बात को ध्यान में रखा जाना चाहिए लेकिन देखा जा रहा है कि इस रास्ते पर स्ट्रीट लाइट निष्क्रिय पड़ी हुई है। दुर्घटनाओं को लेकर लोग इसे भी एक प्राथमिक कारण मानते हैं।
