कुदुरमाल एनिकट में मछली पकड़ते समय हादसा, गहरे पानी में डूबने से पति की मौत

कोरबा 20 सितंबर। जिले के उरगा थाना क्षेत्र के कुदुरमाल एनिकट में मछली पकड़ने गए पति-पत्नी के साथ हादसा हो गया। गहरे पानी में डूबने से धरम धनुहार (40) की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी किसी तरह सुरक्षित बच गई। घटना के बाद नगर सेना की क्क्त्थ् टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाया और रविवार सुबह धरम का शव पानी से बरामद किया।
जानकारी के अनुसार, कुदुरमाल ग्राम पंचायत के परसाभवना गांव निवासी धरम धनुहार शनिवार 19 सितंबर की सुबह अपनी पत्नी के साथ एनिकट गया था। दोनों वहां मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान धरम अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
पति को डूबता देखकर पत्नी ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन एनिकट में पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण वह सफल नहीं हो सकी। धरम उसकी आंखों के सामने पानी में समा गया। इसके बाद घबराई पत्नी किसी तरह गांव पहुंची और परिजनों व ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा। इसके साथ ही नगर सेना की क्क्त्थ् टीम को भी सूचना दी गई। क्क्त्थ् की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण शनिवार देर शाम तक तलाश की गई, लेकिन धरम का पता नहीं चल सका।
रविवार 20 सितंबर की सुबह क्क्त्थ् टीम ने दोबारा एनिकट में तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद टीम ने धरम धनुहार का शव पानी से बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद परिजनों में मातम छा गया। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल के अनुसार, शव को बरामद करने के बाद पंचनामा कार्रवाई की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हादसे के बाद ग्रामीणों ने कुदुरमाल एनिकट में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि एनिकट के गहरे और खतरनाक हिस्सों में चेतावनी बोर्ड और अन्य सुरक्षा इंतजाम किए जाने चाहिए। ग्रामीणों के मुताबिक, ऐसे संकेतक लगाए जाने से लोगों को खतरनाक हिस्सों के बारे में पहले से जानकारी मिल सकेगी और भविष्य में इस तरह के हादसों को रोकने में मदद मिल सकती है।
