बेटे को जन्म देने के बाद मां ने पेड़ से फांसी लगाकर दी जान, अस्पताल से हुई थी लापता

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के जेंजरा में बेटे को जन्म देने के बाद 23 वर्षीय महिला कविता केंवट ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। महिला 14 सितंबर की रात परिजनों से नाराज होकर अस्पताल से बिना बताए चली गई थी। रातभर तलाश के बाद मंगलवार दोपहर उसका शव जेंजरा मेन रोड के पास एक पेड़ से लटका मिला।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम छुरीकला निवासी कविता की दो साल पहले शादी हुई थी। 10 सितंबर को डिलीवरी के लिए उसे जीवांश अस्पताल जेंजरा में भर्ती कराया गया था, जहां उसने बेटे को जन्म दिया। नवजात की तबीयत खराब होने पर उसे ICU में भर्ती रखा गया है।

बताया जा रहा है कि कविता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और वह जल्दी गुस्सा व चिड़चिड़ी हो जाती थी। अस्पताल से लापता होने के बाद परिजनों ने सोशल मीडिया पर उसकी तस्वीर साझा कर तलाश में मदद मांगी थी। शव मिलने के बाद कटघोरा पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Spread the word