
कोरबा 10 सितंबर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कटघोरा-अंबिकापुर नेशनल हाईवे-130 पर गुरसियां के पास उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पेट्रोल-डीजल से लोडेड टैंकर में अचानक भीषण आग लग गई। टैंकर में करीब 2 हजार लीटर पेट्रोल और 8 हजार लीटर डीजल लोड होने की जानकारी सामने आई है। आग लगने की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस, यातायात पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची।
जानकारी के मुताबिक, टैंकर कोरबा से पेट्रोल-डीजल लेकर वाड्रफनगर की ओर जा रहा था। रास्ते में चालक गुरसियां के पास खाना खाने के लिए रुका था। खाना खाने के बाद जैसे ही टैंकर को स्टार्ट किया गया, इंजन के हिस्से में अचानक आग भड़क उठी। आग तेजी से फैलने लगी। टैंकर में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील पेट्रोलियम पदार्थ होने के कारण मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
आग लगते ही टैंकर चालक और कंडक्टर ने तत्काल वाहन से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही बांगो पुलिस और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही फायर ब्रिगेड की टीम ने भी मोर्चा संभाल लिया। टैंकर में विस्फोट की आशंका को देखते हुए आसपास के रिहायशी इलाके को खाली कराया गया और लोगों को सुरक्षित स्थान पर भेजा गया।
घटना के बाद सुरक्षा कारणों से हाईवे पर यातायात प्रभावित हुआ। छभ्-130 के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था संभाली और लोगों को घटनास्थल से दूर रखा। फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद टैंकर में लगी आग पर काबू पा लिया।
राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी तरह की जनहानि की सूचना नहीं है। समय रहते चालक और कंडक्टर टैंकर से बाहर निकल गए और पुलिस-फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
