गणेश जी के लिए बनाया ‘महाकालेश्वर’ मंदिर पर आधारित भव्य पंडाल, शोभा यात्रा में उमड़े श्रद्धालु

कोरबा 09 सितंबर। प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश की आराधना का महापर्व गणेश चतुर्थी आने में अब महज एक सप्ताह शेष है। पर्व को लेकर कोरबा जिले सहित पूरे प्रदेश में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इसी कड़ी में आकर्षक पंडालों और भव्य प्रतिमाओं के लिए अपनी अलग पहचान बना चुके कटघोरा के राजा का मंगलवार को नगर में भव्य आगमन हुआ। भगवान श्री गणेश की शोभायात्रा को लेकर नगर में दिनभर उत्साह और भक्तिमय माहौल बना रहा।
कटघोरा के अहिरन नदी से भगवान श्री गणेश की भव्य शोभायात्रा प्रारंभ हुई। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मुख्य चौक शहीद वीर नारायण चौक पहुंची, जहां 21 फीट ऊंची भगवान श्री गणेश की विशाल प्रतिमा का भव्य अनावरण किया गया। विशाल प्रतिमा के दर्शन और अनावरण कार्यक्रम को देखने के लिए कटघोरा नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। देखते ही देखते मुख्य चौक पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश के जयकारे लगाए और पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। शोभायात्रा में विभिन्न धार्मिक एवं आकर्षक झांकियां शामिल की गईं, जिन्होंने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। झांकियों के साथ चल रहे श्रद्धालुओं और कलाकारों ने लोगों को खूब रोमांचित किया। वहीं डीजे की भक्तिमय और उत्साहपूर्ण धुनों पर युवा सहित बड़ी संख्या में लोग जमकर झूमते नजर आए। शोभायात्रा के दौरान नगर का माहौल पूरी तरह गणेशमय रहा। जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया और भगवान श्री गणेश के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
जयदेव गणेशोत्सव समिति द्वारा गणेशोत्सव के लिए विशेष तैयारी की जा रही है। समिति द्वारा इस बार 101 फीट ऊंचे उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर की प्रतिकृति पर आधारित भव्य पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। विशाल और आकर्षक पंडाल गणेशोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र रहने वाला है। पंडाल निर्माण को लेकर समिति के सदस्यों द्वारा विशेष तैयारियां की जा रही हैं। कटघोरा ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोग इस भव्य पंडाल को देखने पहुंचने की उम्मीद है। भगवान श्री गणेश के नगर आगमन और प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल सहित क्षेत्र के विभिन्न जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों और गणेशोत्सव समिति के सदस्यों ने भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणेश भक्तों की मौजूदगी रही। श्रद्धालुओं में भगवान श्री गणेश की भव्य प्रतिमा को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। भव्य शोभायात्रा को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा नीतीश ठाकुर, कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत, कटघोरा थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू और बांगों थाना प्रभारी दुर्गेश वर्मा अपनी पूरी टीम के साथ शोभायात्रा के दौरान लगातार मॉनिटरिंग करते नजर आए। भीड़ को नियंत्रित करने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को विभिन्न स्थानों पर तैनात किया गया था। पुलिस अधिकारियों ने शोभायात्रा के पूरे मार्ग पर निगरानी बनाए रखी। शोभायात्रा और गणेश प्रतिमा के नगर भ्रमण के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया था। भारी वाहनों को बायपास मार्ग से डायवर्ट किया गया, जिससे नगर के मुख्य मार्गों पर शोभायात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
