हाथियों के उत्पात से ग्रामीण परेशान, धान के फसल हो रहे बर्बाद

कोरबा 29 अगस्त। जिले के कटघोरा एवं कोरबा वनमंडल में हाथियों का उत्पात लगातार जारी है। वन विभाग द्वारा इसे रोकने के लिए तमाम कोशिशें की जा रही है लेकिन विभाग की कोशिश नकारा साबित हो रही है। हाथी बड़ी संख्या में जंगल से निकलकर खेतों में पहुंच जा रहे हैं और वहां लगे धान की फसल को रौंदने के साथ बर्बाद कर दे रहे हैं। हाथियों द्वारा लगातार क्षेत्र में उत्पात मचाए जाने और फसलों को बर्बाद किए जाने के कारण ग्रामीण परेशान हैं।

जानकारी के अनुसार कटघोरा वनमंडल के एतमानगर, केंदई व पसान में 51 की संख्या में हाथी काफी दिनों से लगातार विचरण कर रहे हैं। हाथियों ने कटघोरा वनमंडल के जंगल को अपना बसेरा बना लिया है। हाथियों का दल कभी एतमानगर रेंज पहुंच जाता है तो कभी केंदई व पसान में। बीच-बीच में जटगा क्षेत्र में भी हाथियों की आमद हो जाती है। कई बार हाथियों का दल अलग-अलग झुंडों मेें बंटकर डिवीजन के चारों वन परिक्षेत्र में पहुंच जाता है।

हाथियों के अलग-अलग क्षेत्रों में विचरण करने की स्थिति में वन विभाग को निगरानी करने के लिए अपनी पूरी ताकत झोंकनी पड़ती है। इधर कोरबा वनमंडल के करतला व कुदमुरा रेंज में 16 हाथी सक्रिय हैं, जिनमें से 15 हाथी करतला रेंज के पहाडगांव में डेरा डाले हुए हैं, जबकि एक हाथी गीतकुंआरी के जंगल में घूम रहा है।

Spread the word