कबड्डी खिलाड़ी संजू को शहीद राजीव पांडेय खेल पुरस्कार

कोरबा 29 अगस्त। जिले की अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी यादव का चयन वर्ष 2025- 26 के लिए शहीद राजीव पांडेय खेल पुरस्कार के लिए हुआ है। खेल दिवस पर रायपुर में हुई सम्मानित। संजू का चयन दूसरी बार एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय महिला कबड्डी टीम में भी हुआ है। वे जापान के आईची नागोवा में खेलने के लिए अगले महीने रवाना होगी।
पाली ब्लॉक के छोटे से गांव केराकछार की संजू देवी छत्तीसगढ़ की एकमात्र कबड्डी खिलाड़ी हैं, जो कबड्डी के विश्व चौंपियन टीम में शामिल रही हैं। नवंबर 2025 में ढाका बांग्लादेश में महिला कबड्डी वर्ल्ड कप के फाइनल में जीत की स्टार खिलाड़ी रही हैं। फाइनल मुकाबले में भारत ने चीनी-पाइपे को 35-28 के स्कोर से हराया था। जिसमें 16 पॉइंट संजू ने जुटाए थे। उनके इस असाधारण प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया था। इसके पहले मार्च 2025 में ईरान में आयोजित छठवीं महिला एशियाई कबड्डी चौंपियनशिप में भी उन्होंने भारत के लिए स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजू देवी को रायपुर स्थित निवास पर सम्मानित किया।
राज्य सरकार की ओर से डिप्टी सीएम व खेल मंत्री अरुण साव 50 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर चुके हैं। अब फिर से उनका चयन एशियन गेम्स के लिए भारतीय महिला कबड्डी टीम में हुआ है। यह मुकाबला 21 से 26 सितंबर तक आयोजित है। जिसमें भाग लेने संजू जापान जाएंगी। खेल अलंकरण पुरस्कार के लिए जिले की वह एकमात्र खिलाड़ी हैं। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में यह समारोह 29 अगस्त को आयोजित है। जिसमें मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और डिप्टी सीएम तथा खेल मंत्री अरुण साव संजू देवी को सम्मानित करेंगे। 3 साल का एक साथ पुरस्कार दिया जा रहा है। जिसमें संजू देवी के साथ 83 खिलाड़ी सम्मानित होंगे।
