बहिनी संग राखी तिहार आयोजितः उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन की कलाई पर बहनों ने बांधी रक्षा सूत्र

कोरबा 29 अगस्त। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर शुक्रवार, 28 अगस्त को कैबिनेट मंत्री एवं कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन के शासकीय निवास में आयोजित ‘बहिनी संग राखी तिहार’ कार्यक्रम में बहनों का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। पंचवटी विश्राम गृह के समीप स्थित मंत्री के शासकीय निवास में सुबह 10 बजे से ही बड़ी संख्या में महिलाएं पहुंचने लगीं। देखते ही देखते परिसर में बहनों की लंबी कतार लग गई। लगभग पांच घंटे तक चले आयोजन में 10 हजार से अधिक महिलाओं ने मंत्री लखनलाल देवांगन की कलाई पर राखी बांधकर उन्हें अपना आशीर्वाद दिया।

रक्षाबंधन के इस विशेष आयोजन में शामिल होने के लिए कोरबा विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग हिस्सों से महिलाएं पहुंचीं। सुबह से ही महिलाओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। आयोजन स्थल पर महिलाओं के लिए व्यवस्थित तरीके से कतार बनाई गई थी। बहनों ने बारी-बारी से मंत्री लखनलाल देवांगन की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधा और उनके सुखद, स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

इस दौरान मंत्री ने भी प्रत्येक बहन को सम्मानपूर्वक प्रणाम कर उनका आशीर्वाद लिया। मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा, ‘यह मेरासौभाग्य है कि क्षेत्र की बहनों ने बड़ी संख्या में मेरे निमंत्रण को स्वीकार किया और मुझे रक्षा सूत्र बांधने के लिए यहां पहुंचीं। बहनों का यह स्नेह और आशीर्वाद मेरे लिए सबसे बड़ी पूंजी है। मैं सभी बहनों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूं और विश्वास दिलाता हूं कि भाई के रूप में हमेशा उनके सुख-दुख में साथ खड़ा रहूंगा। ‘उन्होंने कहा कि हर वर्ष रक्षाबंधन के अवसर पर बहनों के साथ इस तरह का आत्मीय आयोजन करने का उद्देश्य जनप्रतिनिधि और क्षेत्र की बहनों के बीच पारिवारिक रिश्ते को और मजबूत करना है। इतनी बड़ी संख्या में महिलाओं की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।

बहनों का स्नेह मेरा सौभाग्य-लखनलाल देवांगन
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि क्षेत्र की बहनों का इतना बड़ा स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए गौरव और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि आपसी विश्वास, स्नेह और सामाजिक रिश्तों को मजबूत करने वाला पर्व भी है।

Spread the word