कोबरा ने युवक को डसाः इलाज से पहले अस्पताल लाना पड़ा सांप, रेस्क्यू के बाद शुरू हुआ उपचार

कोरबा 24 अगस्त। जिले के दादर क्षेत्र में सांप के काटने का मामला सामने आया है। घर के अंदर झाड़ी साफ कर रहे रामदयाल को अचानक कोबरा सांप ने डस लिया। परिजन उन्हें तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने सांप की पहचान के बाद उपचार शुरू करने की बात कही।

रामदयाल के मुताबिक, वह घर के अंदर झाड़ी साफ कर रहा था। इसी दौरान जमीन में बने एक बिल के पास पहुंचते ही अचानक कोबरा बाहर निकला और उसे डस लिया। घटना के बाद सांप वापस बिल में घुस गया। रामदयाल को परिजन तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे।

डॉक्टरों ने सांप की पहचान के लिए उसे अस्पताल लाने को कहा। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने स्नेक कैचर टीम को सूचना दी। टीम मौके पर पहुंची तो पता चला कि सांप डसने के बाद बिल में छिप गया है। स्नेक कैचर टीम ने काफी सावधानी से बिल की खुदाई कर करीब आधे से एक घंटे की मशक्कत के बाद कोबरा को बाहर निकाला। इसके बाद सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़कर अस्पताल लाया गया।

अस्पताल में सांप की पहचान कोबरा के रूप में होने के बाद डॉक्टरों ने रामदयाल का उपचार शुरू किया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और उन्हें खतरे से बाहर बताया गया है।

स्नेक कैचर टीम द्वारा रेस्क्यू किए गए कोबरा को अब सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की तैयारी है। बारिश के मौसम में सांपों के बिलों से बाहर निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में लोगों को घर और आसपास के क्षेत्र में झाड़ियों व कचरे की नियमित सफाई रखने तथा सांप दिखाई देने पर खुद पकड़ने के बजाय विशेषज्ञों की मदद लेने की सलाह दी जाती है।

Spread the word