वन विभाग की बड़ी कार्रवाईः इमारती लकड़ी तस्करी मामले में ट्रक जप्त

कोरबा 24 अगस्त। वन मंडल वन विभाग की टीम ने पुलिस प्रशासन और मुखबिर तंत्र की मदद से इमारती लकड़ी की रास्करी के बड़े रैकेट को उजागर किया है। वन संपदा की तस्करी में संलिप्त एक ट्रक को जप्त कर लिया है। इस मामले में वन अधिनियम की धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई की गई।

वन मंडल कोरबा के अंतर्गत सीएसईबी कॉलोनी ई-टाइप में जनधन की हानि को रोकने के उद्देश्य से शासकीय नियमानुसार अनुमति प्राप्त सूखे साल एवं बीजा प्रजाति के वृक्षों के विदोहन का कार्य वन परिक्षेत्र अधिकारी (उत्पादन) कुदमुरा के द्वारा किया जा रहा था। इस दौरान आरोपी सुनील कुमार गुप्ता एवं मम्मन आरामिल निवासी अभनपुर, रायपुर ने षड्यंत्र रचकर विभाग को धोखे में रखा। आरोपियों द्वारा लगभग 9 लाख कीमती 20 घन मीटर इमारती लकड़ी का अवैध रूप से परिवहन किया गया। शातिर व आदतन अपराधी सुनील कुमार गुप्ता, जो पूर्व में भी अवैध कटाई एवं परिवहन में संलिप्त रहा है, को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है। कई वनमंडल में इस अपराधी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज हैं। आरोपी वर्तमान में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2), 316(5) एवं 317(2) के तहत न्यायिक अभिरक्षा में जेल में बंद है।

अवैध परिवहन में शामिल दो ट्रकों की पहचान कर वन विभाग लगातार उनकी पतासाजी कर रहा था। ट्रक सीजी 23-जे 2561 को वन विभाग की टीम ने पुलिस प्रशासन के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए इसे जप्त कर लिया है। ट्रक सीजी 12 एवाय 0419 दूसरे फरार वाहन की तलाश और जब्ती के लिए संभावित ठिकानों पर सरगर्मी से छापेमारी जारी है। कोरबा वन मंडल अधिकारी ने आश्वस्त किया है कि दूसरे फरार ट्रक को भी जल्द ही जप्त कर लिया जाएगा। संपूर्ण कार्रवाई डीएफओ जितेंद्र उपाध्याय के मार्गदर्शन में एसडीओ सूर्यकांत सोनी व सहयोगी अधिकारियों ने की।ं

Spread the word