टीचर ने 8वीं के छात्र से 200 बार लिखवाई मां की गाली, कॉपी पर मांगे पेरेंट्स के साइन: बर्खास्त

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर स्थित बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल में छात्र को दी गई सजा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि स्कूल की एक शिक्षिका ने कक्षा 8वीं के छात्र से मां की गाली 200 बार लिखवाई। छात्र से कथित तौर पर हिंदी और अंग्रेजी में 100-100 बार गाली लिखवाई गई और कॉपी पर माता-पिता के हस्ताक्षर कराने के लिए कहा गया।

मामला सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने पहले संबंधित शिक्षिका को सस्पेंड किया। जांच में गलती पाए जाने के बाद प्रबंधन ने अब शिक्षिका को बर्खास्त कर दिया है। वहीं, सरगुजा जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने भी मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

स्कूल में गाली देने पर मिली ऐसी सजा

बताया जा रहा है कि छात्र ने स्कूल में कथित तौर पर गाली दी थी। इसी को लेकर शिक्षिका ने उसे सजा देने के लिए कॉपी में आपत्तिजनक शब्द लिखने को कहा।

आरोप के मुताबिक, छात्र को मां की गाली हिंदी में 100 बार और अंग्रेजी में 100 बार, यानी कुल 200 बार लिखने के लिए कहा गया। इतना ही नहीं, छात्र को यह कॉपी घर ले जाकर पेरेंट्स के साइन कराने का निर्देश भी दिया गया।

मामला सामने आते ही स्कूल प्रबंधन ने की कार्रवाई

घटना की जानकारी सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने मामले को गंभीरता से लिया और संबंधित शिक्षिका को तत्काल निलंबित कर दिया।

इसके बाद प्रबंधन स्तर पर मामले की जांच की गई। जांच में शिक्षिका की गलती पाए जाने के बाद स्कूल प्रबंधन ने बर्खास्तगी की कार्रवाई की है।

DEO ने दिए जांच के आदेश

मामले में शिक्षा विभाग ने भी संज्ञान लिया है। सरगुजा DEO ने पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए हैं। जांच के दौरान छात्र, स्कूल प्रबंधन और संबंधित शिक्षिका का पक्ष लिया जा सकता है।

Spread the word