‘सजग कोरबा-सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत विद्यार्थियों को दी यातायात नियमों की जानकारी

कोरबा 29 जुलाई। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे ‘सजग कोरबा-सतर्क कोरबा’ अभियान के तहत विद्यार्थियों को यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में यातायात थाना कोरबा की ओर से निर्मला इंग्लिश स्कूल, पुलिस लाइन और निर्मला स्कूल, कोसाबाड़ी में विशेष यातायात एवं सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान डीएसपी ज्योत्सना चौधरी ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के महत्व और सड़क दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सिर्फ पुलिस ही नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी और सहभागिता जरूरी है।

डीएसपी ज्योत्सना चौधरी ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से नाबालिगों द्वारा मोटरसाइकिल या अन्य मोटर वाहन नहीं चलाने की समझाइश दी। उन्होंने बताया कि कम उम्र में वाहन चलाना कानून का उल्लंघन होने के साथ-साथ खुद और सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे खुद यातायात नियमों का पालन करें और अपने माता-पिता व परिजनों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को कई महत्वपूर्ण यातायात नियमों की जानकारी दी गई। इनमें हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य इस्तेमाल, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन नहीं चलाना और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करना शामिल रहा।

Spread the word