आसमानी बिजली ने ली तीन खेतिहर मजदूरों की जान, शोक

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में आसमानी बिजली गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई। घटना शनिवार शाम की है। कटघोरा थाना पुलिस ने अस्पताल से मेमो मिलने पर मर्ग कायम किया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम छूरी के निकट 20 से 25 मजदूर धान के खेत में धान का पौधा रोप रहे थे।शाम करीब 5 बजे मौसम बदला और तेज गर्जन के साथ एकाएक पानी बरसने लगा। इसी बीच आसमानी बिजली गिरी और उसकी चपेट में आकर 3 मजदूर झुलस गए। अन्य मजदूर तुरंत उनकी सहायता में जुट गए। तीनों मजदूरों को इलाज के लिए निकटस्थ सामुदायिक स्वास्थ केंद्र कटघोरा ले जाया गया। यहां परीक्षण के बाद डाक्टर ने तीनों मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डाक्टर रश्मि सिंह कंवर ने बताया कि छुरी गांव के तीन खेत मजदूर आकाशीय बिजली की चपेट में आकर झुलस गए थे। उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ केंद्र कटघोरा लाया गया था, जिन्हें परीक्षण के बाद डाक्टर ने मृत घोषित किया है।
कटघोरा थाना प्रभारी एम बी पटेल ने बताया कि स्वास्थ केंद्र से डाक्टर का मेमो प्राप्त हुआ है, जिसके आधार पर मर्ग सूचना दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में विवेचना करेगी।
