हाथ में तलवार लेकर दहशत फैलाने वाला युवक गिरफ्तार, कोरबा पुलिस की लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई

कोरबा 20 जुलाई। कोरबा पुलिस के “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत हथियार लेकर सार्वजनिक स्थानों पर पर दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में मानिकपुर चौकी पुलिस ने तलवार लहराकर लोगों को डराने-धमकाने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19 जुलाई 2026 को मानिकपुर चौकी पुलिस को सूचना मिली कि प्रेम कुमार साहू (19 वर्ष) निवासी मुड़ापार मुस्लिम बस्ती अपने घर के सामने हाथ में धारदार तलवार लेकर लोगों को धमका रहा है और क्षेत्र में भय का माहौल बना रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक धारदार लोहे की तलवार बरामद हुई, जिसे पुलिस ने विधिवत जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 641/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 351(3) एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल कोरबा भेज दिया गया।
पिछले 4-5 दिनों में तीसरी बड़ी कार्रवाई
कोरबा पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी (भा.पु.से.) के निर्देशन में चलाए जा रहे “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत पिछले चार से पांच दिनों में आर्म्स एक्ट के तहत यह लगातार तीसरी बड़ी कार्रवाई है। इससे पहले भी कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में धारदार हथियार लेकर सार्वजनिक स्थानों पर दहशत फैलाने वाले आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
अपराधियों को पुलिस का सख्त संदेश
कोरबा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लेकर घूमने, दादागिरी करने, आम लोगों में भय का माहौल बनाने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का कहना है कि जिले में शांति, कानून व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
