कोरबा में रफ्तार का कहरः तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार कर्मचारी को कुचला, मौके पर मौत

कोरबा 20 जुलाई। जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार जारी है। शुक्रवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के राताखार बाईपास में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए।

जानकारी के अनुसार मृतक युवक सीएसईबी के डीएसपीएम प्लांट में कार्यरत था। वह ड्यूटी खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान राताखार बाईपास के पास तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने ट्रेलर चालक के संबंध में जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि राताखार बाईपास क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Spread the word