चोटिया क्षेत्र में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित

कोरबा 18 जुलाई। जिले के पोड़ी-उपरोड़ा विकासखंड अंतर्गत कोरबी-चोटिया एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पिछले 36 घंटे से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार वर्षा के कारण नदी-नाले उफान पर हैं, कई संपर्क मार्ग बाधित हो गए हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था भी पूरी तरह चरमरा गई है। हालात ऐसे हैं कि लोग घरों में रहने को मजबूर हैं तथा आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।

सबसे गंभीर स्थिति फुलसर नाला में देखने को मिली, जहां तेज बहाव के कारण पुल के ऊपर से पानी बहने लगा। आधी रात को पानी का स्तर इतना बढ़ गया कि नाले के समीप स्थित मुक्तिधाम भी जलमग्न हो गया। तेज बहाव के साथ बहकर आए कचरे और मलबे में सांप सहित अनेक जीव-जंतु फंस गए, जिससे क्षेत्र में भय और दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की स्थिति पहले बहुत कम देखने को मिली है।

लगातार बारिश और तेज हवाओं के कारण 11 हजार केवी विद्युत लाइन के दर्जनों बिजली पोल टूटकर गिर गए हैं। इसके चलते सैकड़ों गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। कई गांव पिछले कई घंटों से अंधेरे में डूबे हुए हैं। बिजली नहीं होने से पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है, क्योंकि अधिकांश स्थानों पर मोटर पंप बंद पड़े हैं। ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। वहीं मोबाइल फोन चार्ज नहीं होने से लोगों का अपने परिजनों और प्रशासन से संपर्क भी टूटता जा रहा है। संचार व्यवस्था प्रभावित होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इधर सिंन्दुरगढ़-बासिन मुख्य मार्ग पर स्थित टेटी नदी का पुल भी तेज बहाव की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गया है। पुल ध्वस्त होने से कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्ग से कट गया है। ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है और लोगों को कई किलोमीटर लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाने की मजबूरी है। इससे मरीजों, स्कूली बच्चों और दैनिक जरूरतों के लिए आने-जाने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। लगातार बारिश के कारण खेतों, निचले इलाकों और ग्रामीण सडकों पर भी पानी भर गया है। कई स्थानों पर कच्चे मकानों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना मिल रही है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने, क्षतिग्रस्त बिजली पोलों को तत्काल बदलने, बाधित विद्युत आपूर्ति बहाल करने तथा टूटे पुल और सडकों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि अगले कुछ घंटों तक इसी तरह बारिश जारी रही तो हालात और अधिक गंभीर हो सकते हैं। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे उफनते नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें तथा सुरक्षित स्थानों पर रहें।

Spread the word