खड़े ट्रेलर से टकराई ब्रेजा कार

कोरबा 16 जुलाई। बालको थाना क्षेत्र के बालको नगर स्थित मिनीमाता स्कूल के पास आज सुबह ड्यूटी पर जा रहे बालको कर्मचारी की ब्रेजा कार मार्ग किनारे खड़े गिट्टी से लोड ट्रेलर से जा टकराई। दुर्घटना में उसे मामूली चोटें आईं, जबकि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार और ट्रेलर को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा हैं की गिट्टी से लदा ट्रेलर सडक किनारे खड़ा था, जिससे यह दुर्घटना घटित हुई। हादसे के बाद एक बार फिर बालको नगर क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखने को मिली। नागरिकों का कहना है कि जिस मार्ग पर भारी वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध है, वहां भी निजी कंपनी के गिट्टी, रेत और मिट्टी से लदे ट्रैलर दिन-रात लगातार संचालित हो रहे हैं। उनका आरोप है कि तेज रफ्तार और लगातार आवागमन से आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इसी मार्ग पर मिनीमाता स्कूल सहित घनी आबादी और अन्य महत्वपूर्ण संस्थान संचालित हैं। इसके बावजूद प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहनों का संचालन जारी है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। नागरिकों ने प्रशासन से इस मार्ग पर भारी वाहनों के संचालन पर प्रभावी रोक लगाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है। फिलहाल बालको थाना पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर बालको नगर में यातायात व्यवस्था और प्रतिबंधित मार्ग पर भारी वाहनों के संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
