गोबर विवाद को लेकर दो भाइयों ने की मारपीट, पीड़ित को जान से मारने दी धमकी

कोरबा 15 जुलाई। राताखार स्थित शिव मंदिर के पास नाली में गोबर बहाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पीडित की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार राताखार शिव मंदिर के पास रहने वाले एवं जनरल स्टोर संचालक मुकेश कुमार जायसवाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 12 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 3.30 बजे उन्होंने अपने पड़ोसी भीम यादव और उसके भाई नकुल यादव से नाली में गोबर नहीं बहाने की बात कही। उनका कहना था कि इससे नाली जाम हो जाती है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ता है। इस बात से नाराज होकर सामुदायिक भवन के पास दोनों भाइयों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इस दौरान नकुल यादव ने हाथ में रखी नुकीली वस्तु से मुकेश के बाएं गाल पर हमला कर दिया, जबकि भीम यादव ने ईंट से सिर पर वार कर दिया। हमले में मुकेश के सिर और चेहरे पर चोट आई तथा खून निकलने लगा। घटना के दौरान पीडित की पत्नी विजय लक्ष्मी जायसवाल सहित पड़ोसी विक्की निर्मलकर और सूरज निर्मलकर ने बीच-बचाव किया। इसके बाद पीडित ने कोतवाली थाने पहुंचकर घटना की शिकायत दर्ज कराई।
कोतवाली पुलिस ने आरोपियों भीम यादव और नकुल यादव के खिलाफ धारा 115(2), 296, 351(3) एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
