दंतैल हाथी ने युवक के बाद अब मवेशी को उतारा मौत के घाट

कोरबा 30 जून। कटघोरा वनमंउल में दंतैल हाथी का खौफ बदस्तूर जारी है। यहां के बासीन परिसर में रविवार रात एक युवक को मौत के घाट उतारने के बाद दंतैल ने आज तडके मातीन गांव में एक मवेशी की जान ले ली।
जानकारी के अनुसार कटघोरा वनमंडल के जटगा रेंज में 15 की संख्या में हाथी घूम रहे थे, जिनमें से 10 हाथी अलग होकर बासीन परिसर पहुंच गए थे और रविवार की रात इनमें शामिल एक दंतैल हाथी ने धवलपुर गांव में मवेशी ढंूढने जंगल गए एक युवक को सामना होने पर हमला कर कुचल दिया था जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई थी।
घटना के बाद दंतैल पुनः दल में शामिल होकर दिन भीर क्षेत्र में विचरण करता रहा, लेकिन रात होने पर हाथियों ने फिर मूवमेंट किया और आगे बढकर जटगा रेंज की सीमा को पार कर ऐतमानगर रेंज अंतर्गत पचरा वन परिसर पहुंच गया। हाथियों का दल अभी पचरा परिसर के मातीन जंगल में घूम रहा था कि आज सुबह नदी किनारे चारा चर रहे एक मवेशी (भैस) को दल में मौजूद लोनर ने उठाकर पटक दिया। जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। हाथी के हमले में भैंस के मारे जाने की जानकारी मिलने पर मवेशी मालिक त्रिभुवन पिता नंदलाल घटना स्थल पर पहुंचा और इसकी सूचना वन विभाग को दी। जिस पर वन अमला मौके पर पहुंचकर आगे की कार्यवाही में जुट गया है।
वहीं हाथियों के दल के मातीन क्षेत्र में पहुंचने की सूचना ग्रामीणों को देते हुए उन्हें सतर्क करने के लिए अभियान शुरू कर दिया गया है। हाथियों के दल के मौजूदगी वाले मातीन व आसपास के गांव में मुनादी कराई जा रही है। इस बीच परला क्षेत्र में मौजूद 18 हाथियों के दल ने भी अपना लोकेशन बदलते हुए केंदई रेंज के कोरबी परिसर में प्रवेश कर लिया है। हाथियों के दल को आज सुबह यहां के जंगल में मंडराते हुए देखे जाने के बाद वन अमला सतर्क हो गया और हाथियों की निगरानी बढ़ा दी गई है
