भीषण सड़क हादसा: दो कारों की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत, चार गंभीर घायल

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कवर्धा जिले में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पंडरिया थाना क्षेत्र के लघान गांव के पास दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

टक्कर से दोनों कारों के उड़े परखच्चे

जानकारी के अनुसार, फ्रॉन्क्स कार (CG 09 JS 4619) और वैगनआर कार (MP 50 ZB 0139) के बीच लघान गांव के पास तेज रफ्तार में आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और उनमें सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

एक की मौके पर मौत, चार अस्पताल में भर्ती

हादसे में एक व्यक्ति ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान कबीरधाम जिले के धरमपुरा निवासी के रूप में हुई है। वहीं चार घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

पुलिस जांच में जुटी

राहगीरों की सूचना पर पंडरिया पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य वजह से हुई।

फिलहाल घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Spread the word