दीपावली की सुबह NH-43 पर भीषण हादसा, यात्रियों से भरी बस और ट्रक में सीधी भिड़ंत; ट्रक चालक की मौके पर मौत

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में दीपावली के दिन सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी बस और ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

NH-43 पर बस और ट्रक के बीच सीधी टक्कर

जानकारी के मुताबिक, हादसा रविवार सुबह करीब 5 बजे नेशनल हाईवे-43 पर कुनकुरी के सलियाटोली के पास हुआ। रॉयल बस पटना से रायपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक के साथ बस की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

ट्रक चालक की मौत, बस के यात्री सुरक्षित

हादसे में ट्रक चालक को गंभीर चोटें आईं और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बस में सवार यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी सामने आई है। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का निरीक्षण कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Spread the word