धर्मांतरण के आरोप पर दो पास्टर गिरफ्तार, थाने पहुंचा ईसाई समाज

रायपुर। रायपुर ग्रामीण के खरोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मांठ में कथित धर्मांतरण और धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में पुलिस ने दो पास्टर को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद ईसाई समाज के लोग बड़ी संख्या में थाना पहुंचे और कार्रवाई का विरोध करते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की।

जानकारी के अनुसार, ग्राम मांठ निवासी हेमंत मरावी, अरुण कुमार उइके और राकेश कुमार उइके ने खरोरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि रायपुर निवासी सुशांत ज्ञानिक और उनके सहयोगी पीयूष पटेल गांव के आदिवासी मोहल्ले में लगातार आकर लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे थे। शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान हिंदू देवी-देवताओं और धार्मिक मान्यताओं के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं।

ग्रामीणों का कहना है कि आरोपियों को कई बार समझाइश दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद उनकी गतिविधियां जारी रहीं। शिकायत के मुताबिक 24 जून की शाम दोनों आरोपी फिर गांव पहुंचे और लोगों को प्रार्थना सभा में शामिल होने तथा ईसाई धर्म स्वीकार करने के लिए प्रेरित करने लगे। विरोध होने पर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी।

पुलिस जांच में एक घर में ईसाई धर्म से संबंधित प्रार्थना सभा आयोजित होने की बात भी सामने आई। शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299, 302, 3(5) तथा छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य अधिनियम, 1968 की धारा 4 के तहत मामला दर्ज किया है। सुरक्षा और आगे की कानूनी प्रक्रिया को देखते हुए दोनों आरोपियों को विधानसभा थाना लाया गया है।

वहीं, गिरफ्तारी के विरोध में ईसाई समाज के लोग विधानसभा थाना पहुंचे। उनका कहना है कि आरोप गलत हैं और मामले की निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Spread the word