बिलासपुर में विवाहिता की संदिग्ध मौत, शरीर पर चोट के निशान; मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप

बिलासपुर। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के दयालबंद स्थित मधुबन रोड में एक 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद मायके पक्ष ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और ससुराल पक्ष पर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, अदिति मौर्य (28) मूल रूप से उत्तरप्रदेश के सोनभद्र जिले के मधुपुर की रहने वाली थी। उसकी शादी 10 फरवरी 2019 को दयालबंद निवासी रविकांत मौर्य से हुई थी। दंपति की 13 माह की एक बेटी भी है। रविकांत तिफरा सब्जी मंडी में व्यवसाय करता है।
परिजनों का आरोप है कि रविकांत का दूसरी महिला से संबंध था, जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। मृतका के मायके वालों ने आरोप लगाया है कि अदिति की हत्या की गई है और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
वहीं, पति रविकांत ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि घटना की रात वह अपनी बेटी के साथ ऊपर कमरे में सो रहा था, जबकि अदिति नीचे थी। उसके अनुसार, नीचे आने पर पत्नी बेड पर पड़ी मिली। उसका दावा है कि अदिति ने सिल्क की साड़ी से फांसी लगाने की कोशिश की थी, लेकिन फंदा खुल जाने के कारण वह नीचे गिर गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
