अवैध रेत उत्खनन बना मौत का कारणः रेत से भरा ट्रैक्टर पलटा, एक युवक की मौत, दो गंभीर

कोरबा 25 जून। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम मड़वारानी में सोन नदी से रेत निकालकर लौट रहे एक ट्रैक्टर के पलट जाने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार मड़वारानी निवासी शिवकुमार पटेल (29 वर्ष), पिता दुबराज पटेल, अमित कुमार तथा कुछ अन्य लोग ट्रैक्टर लेकर सोन नदी में रेत निकालने गए थे। रेत लेकर वापस लौटते वक्त ग्राम जर्वे के पास ट्रैक्टर तेज रफ्तार होने के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा इतना गंभीर था कि शिवकुमार पटेल ट्रैक्टर के इंजन के नीचे दब गया, जबकि चालक अमित कुमार और एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद शिवकुमार को ट्रैक्टर के नीचे से बाहर निकाला। इसके बाद उसे तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जिले में रेत खदानों पर प्रतिबंध होने के बावजूद कई नदी-नालों से चोरी-छिपे रेत निकासी का कारोबार लगातार जारी है। प्रशासनिक सख्ती के दावों के बीच रेत तस्कर बेखौफ होकर नदियों में मशीनों और ट्रैक्टरों के माध्यम से रेत निकाल रहे हैं। मड़वारानी की यह घटना एक बार फिर अवैध रेत उत्खनन से जुड़े जोखिम और प्रशासनिक निगरानी पर सवाल खड़े कर रही है।
