वेतन लेकर घर लौट रही युवती से मोबाइल और नकदी की लूट, बाइक सवार फरार

कोरबा 25 जून। शहर में लूटपाट की एक वारदात सामने आई है। वेतन लेकर घर लौट रही एक युवती से बाइक सवार दो अज्ञात बदमाश मोबाइल फोन और नकदी छीनकर फरार हो गए। घटना सीएसईबी चौकी क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, चिमनीभट्ठा निवासी नेहा पांडेय (24) पावर हाउस रोड स्थित श्रीराम वस्त्रालय में काम करती है। 22 जून की रात करीब 9.50 बजे वह वेतन लेकर पैदल अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान एक्सिस बैंक के पास मेन रोड पर दो युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे और झपट्टा मारकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसके वीवो कंपनी के मोबाइल फोन के साथ वेतन की 9,840 रुपये की राशि भी रखी हुई थी। वह मोबाइल पर बात करने के लिए फोन और पैसे को कान के पास ले गई थी, तभी बाइक सवार बदमाश झपट्टा मारकर मोबाइल और नकदी लेकर फरार हो गए।
लूटे गए मोबाइल की कीमत करीब 4 हजार रुपये बताई गई है। युवती की शिकायत पर सीएसईबी पुलिस चौकी में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 304(2)-बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
