ठाकरे को छोड़ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए 6 सांसद

नई दिल्ली/मुंबई। महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक पारित करवाने के लिए संसद में दो तिहाई बहुमत के जुगाड़ में लगे सत्तारूढ़ एनडीए को बड़ी सफलता मिली है। पिछले दो सप्ताह से चल रही चर्चाओं को वास्तविकता में बदलते हुए सोमवार को उद्धव ठाकरे की ‘शिवसेना (यूबीटी) के छह सांसद महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे की शिवसेना में शामिल हो गए।
चार साल बाद उद्धव की सेना में एक बार फिर टूट होने से लोकसभा में उनके सांसदों की संख्या 9 से घटकर 3 रह गई, वहीं गठबंधन में शामिल होने से एनडीए सांसदों की संख्या में छह की बढ़ोतरी हो गई। मुंबई में छह सांसदों के साथ प्रेस वार्ता में उप मुख्यमंत्री सीएम शिंदे ने कहा कि एक नहीं छह टाइगर यहां मौजूद है, ऑपरेशन टाइगर पूरी तरह सफल हुआ। शिंदे ने कहा कि उनके परिवार में कट्टर शिवसैनिकों का स्वागत है।
यह सांसद शिवसेना में शामिल
ओमराजे निंबालकर (धाराशिव), नागेश पाटिल आष्टीकर (हिंगोली), संजय जाधव (परभणी), संजय देशमुख (वाशिम), भाऊसाहेब वाकचौरे (शिरडी) और संजय दीना पाटिल (मुंबई उत्तर-पूर्व)।
शिंदे ने 6 गद्दारों को जन्म दियाः राउत
ऑपरेशन टाइगर का बड़ा कारण माने जा रहे और गालीगलौज की भाषा बोलने वाले शिवसेना (यूबीटी) प्रवक्ता संजय राउत ने फिर तंज कसा। उन्होंने कहा कि कई दिनों से डिप्टी सीएम शिंदे प्रेग्नेंट थे और उन्होंने छह गद्दार सांसदों को जन्म दिया है।
उस ‘संजय’ की बात न करें: शिंदे
संजय राउत का नाम लिए बगैर डिप्टी सीएम शिंदे ने कहा कि पार्टी में आए सांसदों से हमारे पास तीन संजय हैं, हमें उस संजय (संजय राउत) की बात नहीं करनी है।
