नवविवाहिता की संदिग्ध मौतः 3 दिन बाद कब्र से निकाला शव, पति पर हत्या का शक

कोरबा 20 जून। जिले के श्यांग थाना क्षेत्र के छिरहुट गांव में एक नवविवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। 23 वर्षीय महिला की मौत के तीन दिन बाद पुलिस ने कब्र खुदवाकर शव बाहर निकलवाया है। मायके पक्ष ने पति पर हत्या का संदेह जताते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।

जानकारी के अनुसार, मृतका घुरई बाई की शादी तीन साल पहले दिलीप बैगा से हुई थी। 16 जून को उसकी मौत हो गई, जिसके बाद ससुराल पक्ष ने बीमारी से मौत बताकर शव को दफना दिया था। हालांकि मायके वालों ने पति पर चरित्र संदेह के चलते हत्या का आरोप लगाया है।

शिकायत के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस दौरान गांव में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।

Spread the word