जनपद पंचायत अध्यक्ष ने डीएमएफ की कार्यसूची में की मनमानी, कार्रवाई की मांग

कोरबा 20 जून। जनपद पंचायत कोरबा की अध्यक्ष बीजमोती राठिया और उनके पति अभिमन्यु राठिया के खिलाफ जनपद सदस्यों ने बगावत कर दी है। आरोप है कि अध्यक्ष ने पति के साथ मिलकर डीएमएफ के सब कार्यों को अपने हिसाब से कराने का प्रस्ताव प्रशासन को दिया है। इस बारे में जिला प्रशासन को शिकायत कर कार्रवाई की मांग की गई।
जनपद सदस्यों ने विस्तृत पत्र प्रशासन को दिया है। कहा गया कि जिला खनिज न्यास संस्थान मद से जनपद पंचायत को लगभग 25 लाख रुपये तक के विकास कार्यों की मांग का अधिकार प्राप्त है। आरोप है कि अध्यक्ष और उनके पति ने जनपद सदस्यों को विश्वास में लिए बिना तथा उनकी जानकारी के अभाव में 25 लाख रुपये के कार्यों की सूची तैयार कर स्वीकृति के लिए जिला प्रशासन को भेज दी। बताया गया कि पूर्व में भी इसी प्रकार का मामला सामने आया था, जिसके विरोध में जनपद सदस्यों ने जिला पंचायत में शिकायत दर्ज कराई थी। उस समय जनपद सदस्यों की सहमति और उनके-अपने निर्वाचन क्षेत्रों के विकास कार्यों को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया गया था। इसके बावजूद फिर से उसी तरह की प्रक्रिया अपनाई गई।
सदस्यों का कहना है कि डीएमएफ के जरिए क्षेत्रीय विकास और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से जरूरत आधारित कार्यों को प्राथमिकता देना है, लेकिन यदि निर्वाचित सदस्यों को ही जानकारी से दूर रखकर मनमानी की जाए तो पूरी दिशा बदल जाएगी। जनपद सदस्यों ने जिला पंचायत सीईओ से मांग की है कि प्रशासन को भेजी गई वर्तमान कार्य सूची को तत्काल निरस्त किया जाए तथा सभी जनपद सदस्यों के निर्वाचन क्षेत्रों की आवश्यकताओं के आधार पर नई सूची तैयार कर विकास कार्यों की स्वीकृति दी जाए। शिकायत पर आगे की कार्रवाई को लेकर अब जनपद पंचायत की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
