लेमरू एवं कुटुरूवा में लकड़ी तस्करों के ठिकानों पर वन विभाग ने की कार्रवाईः 306 नग अवैध चिरान जब्त

कोरबा 18 जून। वनमंडल कोरबा अंतर्गत वन परिक्षेत्र लेमरू के ग्राम लेमरू एवं कुटुरूवा में बड़ी मात्रा में अवैध लकड़ी चिरान भंडारित होने की सूचना मुखबिरों के माध्यम से प्राप्त होने पर वन विभाग द्वारा दोनों स्थानों पर मेगा सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
तस्करों पर शिकंजा कसने हेतु यह कार्यवाही वनमंडल अधिकारी श्रीमती प्रेमलता यादव तथा उप वन मंडलाधिकारी द्वय रामसिंह राठिया उत्तर कोरबा एवं सूर्यकांत सोनी दक्षिण कोरबा के निर्देशन में संपन्न हुई। कार्यवाही का क्रियान्वयन देवव्रत सिन्हा वन परिक्षेत्र अधिकारी लेमरू, जयंत सरकार बालको, देवदत्त खांडे पसरखेत, विक्रांत सिंह कंवर कुदमुरा के द्वारा किया गया। अधिकारियों द्वारा लेमरू व कुटुरूवा के पांच घरों में दल-बल के साथ दबिश दी गई, जिसका क्रियान्वयन श्रवण कुमार गायकी परिक्षेत्र सहायक लेमरू एवं रामेश्वर सिंह सिदार परिक्षेत्र सहायक बडगांव ने किया। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध रूप से संग्रहण कर रखे गए बीजा, साल एवं अन्य मूल्यवान प्रजाति के लकड़ी चिरान की बरामदगी हुई, जिसे विधिवत कार्यवाही कर जब्त किया गया। वन विभाग कोरबा के संयुक्त अमले ने दिनेश कुमार तंवर पिता कन्हाई तंवर निवासी लेमरू के घर से 2 नग साल चिरान 0.122 घन मीटर, सुरेश कुमार सिंह पिता टमपाल सिंह तंवर निवासी लेमरू के घर से 68 नग साल प्रजाति के चिरान 1.272 घन मीटर एवं 2 नग कलमी प्रजाति के चिरान 0.123 घन मीटर तथा शिशु पाल पिता गणेशराम देवांगन निवासी कुटुरूवा के घर से बीजा प्रजाति के 3 नग चिरान 0.042 घन मीटर तथा साल प्रजाति के 231 नग चिरान 3.975 घन मीटर वनोपज जब्त किया गया। कार्यवाही के दौरान कुल 306 नग चिरान जब्त किए गए। जिसकी कुल मात्रा 5.534 घन मीटर और अनुमानित राशि लगभग 5 लाख से अधिक आंकी गई है।
उक्त कार्यवाही में पुलिस बल लेमरू एवं वन विभाग के 30 अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा शांतिपूर्वक बिना किसी विवाद के संपन्न की गई, जिसमें लेमरू, बालको व पसरखेत के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। मामले में वन अधिनियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। कार्यवाही में वन प्रबंधन समिति लेमरू तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों का भी योगदान रहा, जहां ग्रामीणों द्वारा इस कार्यवाही की सराहना की जा रही है वहीं लकड़ी माफियाओं में हडकंप व्याप्त है।
