कर्कश ध्वनि उत्पन्न करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर पर पुलिस ने की कार्रवाई

कोरबा 18 जून। जिले में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए पुलिस द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। कर्कश ध्वनि उत्पन्न करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। वर्ष 2026 में अब तक ऐसे 57 प्रकरणों में कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन चालकों पर कुल 57 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

यातायात प्रभारी डीएसपी डी.के. सिंह, निरीक्षक तेज सिंह यादव, सहायक उप निरीक्षक मनोज राठौर, ईश्वर लहरे एवं उनकी टीम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर बुलेट और स्पोर्ट्स बाइकों में मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने वाले चालकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए गए। सभी मामलों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां प्रत्येक प्रकरण में अर्थदंड लगाया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नितेश ठाकुर तथा नगर पुलिस अधीक्षक प्रदीप चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में संचालित की जा रही है। विशेष अभियान के तहत मॉडिफाइड साइलेंसर के अलावा शराब पीकर वाहन चलाने, ओवरस्पीडिंग, ओवरलोडिंग, तीन सवारी, बिना हेलमेट वाहन चलाने तथा ट्रैफिक सिग्नल का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज और कर्कश आवाज न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ाती है, बल्कि आम नागरिकों, मरीजों, बुजुर्गों और विद्यार्थियों के लिए भी परेशानी का कारण बनती है। इसलिए ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और अपने साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। सडक पर जिम्मेदारी और अनुशासन ही सुरक्षित यातायात व्यवस्था की सबसे बड़ी कुंजी है। पुलिस का विशेष अभियान जिले में आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Spread the word