शराब दुकान के लिए जगह का निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम के साथ पार्षद की तनातनी

कोरबा 18 जून। कोरबा जिले के दीपिका में सरकारी शराब दुकान खोले जाने को लेकर पहले से जारी प्रयासों को एक बार फिर धक्का लगा. नगर पालिका अध्यक्ष के साथ एसडीएम वार्ड क्रमांक 1 में शराब दुकान के लिए जगह का निरीक्षण करने पहुंचे थे. इस दौरान स्थानीय पार्षद ने इस प्रयास का जमकर विरोध किया इसे लेकर अधिकारी के साथ काफी तनातनी हो गई।
सूत्रों के अनुसार आज सुबह कटघोरा एसडीएम तनमय खन्ना अपने सहयोगी के साथ दीपका क्षेत्र पहुंचे थे। नगर पालिका अध्यक्ष राजेन्द्र राजपूत व अन्य का साथ लेकर दीपका नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 23 में अपनी पहुंच बनायी। बताया गया कि तहसील कार्यालय के पास आबकारी विभाग शराब दुकान खोलना चाहता है। इसके लिए प्रस्ताव दिया गया था। जिस पर निरीक्षण करने के लिए अधिकारी जा पहुंचे। आसपास के लोगों और कांग्रेस पार्षद कमलेश जायसवाल को इसकी जानकारी हुई तो वे भी यहां आ गए। इसके साथ ही माहौल गर्म हो गया। पार्षद ने पुरजोर तरीके से इस इलाके में शराब दुकान खोले जाने पर आपत्ति की और कहा कि यहां पर इस योजना को बिल्कुल सफल नहीं होने दिया जाएगा। पूरा किस्सा एसडीएम के सामने हुआ। बताया गया कि पार्षद के साथ कुछ और लोगों ने विरोध के स्वर को बुलंद किया। कुछ लोग हस्तक्षेप करने का जतन किया लेकिन इसका असर नहीं पड़ा। बहस बाजी के दौरान एसडीएम ने पार्षद को कहा कि आफिस आकर बात करना। जवाब था- इसमें कोई समस्या नहीं, कार्यालय में ही आकर बात कर ली जाएगी। रहा सवाल शराब दुकान का तो, मेरे वार्ड में इसकी अनुमति नहीं होने दी जाएगी। बहसबाजी और शोरशराबा इस कदर हुआ कि अधिकारी और अध्यक्ष यहां से चलते बने।
दीपका क्षेत्र को श्रम बाहुल्य इलाका माना जाता है। दूसरे ऐसे इलाकों की तरह जहां भी विदेशी और देशी मदिरा की बंपर खपत होती है इसके अलावा आसपास के क्षेत्र में बन रही कच्ची शराब की मात्रा अलग है। कुल मिलाकर इन सब श्रोतों से पियक्कड़ वर्ग की जरूरतें पूरी होती है। कई मौकों पर शराब दुकानों के संचालन और व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होते रहे हैं। इसलिए वे दुकानों की शिफ्टिंग की मांग की जाती रही। यही कारण है कि अब दूसरे क्षेत्रों में शराब दुकान को खोले जाने का विरोध लोग कर रहे हैं।
