विश्व साइकिल दिवस पर क्रीड़ा भारती ने निकाली सामूहिक साइकिल रैली

व्यायाम के प्रति जागरूक करने व पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

कोरबा 18 जून। फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर क्रीड़ा भारती, कोरबा एवं सीएमए किकबॉक्सिंग अकादमी, कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में सामूहिक साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली का उद्देश्य नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित व्यायाम के प्रति जागरूक करने तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 7.30 बजे सीएमए किकबॉक्सिंग अकादमी, डीडीएम रोड, कोरबा से हुआ। रैली में विभिन्न आयु वर्ग के खिलाडियों, युवाओं, अभिभावकों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने साइकिल चलाते हुए ‘साइकिल चलाएं-स्वस्थ रहें, पर्यावरण बचाएं’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाया। रैली सीएमए किकबॉक्सिंग अकादमी डीडीएम रोड से प्रारंभ होकर ट्रांसपोर्ट नगर चौक तक पहुंची। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने यातायात एवं सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए अनुशासित ढंग से अपनी सहभागिता निभाई। आयोजकों ने बताया कि साइकिल चलाना न केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत लाभकारी है, बल्कि वायु प्रदूषण को कम करने और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण एवं जीवनशैली संबंधी बीमारियों को देखते हुए साइकिलिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना आवश्यक है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में क्रीड़ा भारती के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर क्रीड़ा भारती के अध्यक्ष बलराम विश्वकर्मा, प्रांत संपर्क प्रमुख तारकेश मिश्रा, सचिव बालगोविंद जायसवाल, उपाध्यक्ष रविंद्र दुबे, विकास नामदेव सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने रैली के आयोजन, संचालन एवं व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त कर अधिक से अधिक लोगों से नियमित रूप से साइकिल का उपयोग करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और स्वस्थ भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया गया।

Spread the word