रेत विवाद में भाजपा नेता की जिंदा जलकर मौत! कोरिया में सनसनी, शिक्षक समेत कई झुलसे

कोरिया। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले से एक बेहद हृदय विदारक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। सोनहत क्षेत्र के नौगई गांव में भाजपा नेता एवं पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात करीब 12 बजे किसी विवाद के बाद कुछ ग्रामीणों ने उनकी फॉर्च्यूनर वाहन में आग लगा दी। बताया जा रहा है कि उस वक्त भरत सिंह वाहन में ही मौजूद थे और गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

इस भयावह घटना में शिक्षक नागेंद्र सिंह भी गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। वहीं दो अन्य युवकों के भी गंभीर रूप से घायल होने की खबर सामने आई है।

सूत्रों के मुताबिक, घटना के पीछे रेत (बालू) से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के आईजी दीपक झा देर रात ही कोरिया पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और पूरे मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह क्षेत्र के प्रभावशाली भाजपा नेताओं में गिने जाते थे और सोनहत क्षेत्र में उनकी मजबूत राजनीतिक पकड़ मानी जाती थी। घटना के बाद पूरे जिले में शोक और आक्रोश का माहौल है।

Spread the word