डिप्टी रेंजर पर पेड़ों की अवैध कटाई व तस्करी करवाने का लगा आरोप, शिकायत के बाद भी कार्रवाही नहीं

कोरबा 04 जून। जिले के पसान रेंज अंतर्गत लैंगा वन परिसर में पदस्थ एक महिला डिप्टी रेंजर पर ग्रामीणों ने कीमती सरई पेड़ों की अवैध कटाई तथा इसकी तस्करी करवाये जाने का आरोप लगाया है। जिस पर वन विभाग द्वारा जांच की गयी। लेकिन अब तक कोई कार्यवाही नहीं होने से अधिकारी के होसले बुलंद है। ग्रामीणों ने अब इसकी शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों से करते हुए तत्काल कार्रवाही किये जाने की मांग की है।

अधिकारिक जानकारी के अनुसार लैंगा निवासी इतवार सिंह पेडों तथा अन्य ग्रामीणों का आरोप है कि लैंगा वन परिसर अंतर्गत पेडों पारा मोहल्ला में डिप्टी रेंजर व बिट गार्ड की मिली भगत से सरई पेडों की कटाई की गयी है और इसकी तस्करी करते हुए मनेन्द्रगढ़ के एक ठेकेदार के हवाले कर दिया गया है। ग्रामीणों द्वारा विरोध किये जाने पर उन्हें फंसाने की धमकी भी दी गयी। तस्करी के बदले 10 हजार रूपए की राशि बतौर रिश्वत ली है, जिसे ग्रामीणों ने अपनी आंखों से देखा। पहले रेंजर फिर डीएफओ तथा तहसीलदार पसान से शिकायत की गई। फिर भी कार्रवाई नहीं हुई तो सुशासन तिहार क्षेत्र में लगे शिविर में मामले को उठाया गया तब इसकी जांच का आदेश हुआ।

मामले की जांच के लिए वन विभाग का दल गांव आया तथा सरपंच, पंच तथा शिकायतकर्ता ग्रामीण के बयान लिए, जिसमें उसने मामले की जानकारी देते हुए डिप्टी रेंजर व वनकर्मी पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। बयान लेते समय जांच दल ने कार्रवाही करने का आश्वासन दिया लेकिन अब तक कोई कार्रवाही नहीं हुई जिससे डिप्टी रेंजर व बिटगार्ड के हौसले बुलंद है। उल्टा जांच में आये दल व शिकायतकर्ताओं तथा ग्रामीणों को सेट करने का प्रयास किया, जिसका विडियों सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।

Spread the word