सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत, एक गंभीर

कोरबा 02 जून। जिले के पाली थाना क्षेत्र में सोमवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा भीमसेनिया जंगल के पास मुख्य सड़क पर हुआ। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
मृतक की पहचान बसीबार गांव निवासी लोंगदास (45) के रूप में हुई है, जबकि रामलाल चौहान (40) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों काम खत्म कर मोटरसाइकिल से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में लोंगदास के सिर में गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायल रामलाल को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
सूचना मिलते ही डायल-112 और पाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों की शिकायत पर अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
