तेज रफ्तार बोलेरो ने एक्टिवा व बाइक सवार को मारी टक्कर, मासूम समेत दो घायल

कोरबा 28 मई। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र में बुधवार देर रात तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने सड़क पर जमकर कहर बरपाया। बुधवारी बायपास मार्ग स्थित पेट्रोल पंप के पास बोलेरो ने एक्टिवा और बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक 10 वर्षीय मासूम बच्चे सहित दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बोलेरो काफी तेज रफ्तार में थी। अचानक सामने आए एक्टिवा और बाइक सवार को चालक नियंत्रित नहीं कर पाया, जिसके चलते जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे की टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक्टिवा पर सवार मासूम बच्चा उछलकर दूर जा गिरा, जबकि बाइक सवार भी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

घायलों की हालत देखकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। गुस्साई भीड़ ने बोलेरो वाहन में जमकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई थी कि कुछ लोग वाहन में आग लगाने की कोशिश भी कर रहे थे। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने लोगों को शांत कराया और घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया। पुलिस के अनुसार दोनों घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। हादसे में घायल 10 वर्षीय बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बोलेरो वाहन में एनसीसी कैडेट्स के जवान सवार थे। हालांकि पुलिस इस संबंध में जांच कर रही है और वाहन चालक से पूछताछ जारी है। पुलिस ने बोलेरो वाहन को कब्जे में लेकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि बुधवारी बायपास मार्ग और पेट्रोल पंप के आसपास सड़क किनारे वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासन इस समस्या पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Spread the word