ग्राम नेवसा में तीसरी बार जला ट्रांसफार्मरः भीषण गर्मी में ग्रामीण परेशान, एसईसीएल यूनियन नेता राठौर ने जल्द समाधान की रखी मांग

कोरबा 26 मई। ग्राम नेवसा में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बस्ती क्षेत्र में लगा ट्रांसफार्मर पिछले 15 से 20 दिनों के भीतर तीसरी बार जल गया, जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। लगातार बिजली गुल रहने से लोगों को भीषण गर्मी में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि बस्ती में लगाए गए ट्रांसफार्मर की क्षमता बेहद कम है, जबकि बिजली का लोड लगातार बढ़ता जा रहा है। इसी वजह से ट्रांसफार्मर बार-बार खराब हो रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद बिजली विभाग द्वारा स्थायी समाधान नहीं किया गया।
इस मामले को लेकर समाज सेवी, एसईसीएल यूनियन नेता अजय राठौर ने बिजली विभाग पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि नेवसा के लोग लंबे समय से बिजली संकट झेल रहे हैं और विभाग की लापरवाही के कारण आम जनता परेशान हो रही है।

अजय राठौर ने बिजली विभाग से मांग करते हुए कहा कि गांव में तत्काल अधिक क्षमता वाला नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए, ताकि बार-बार ट्रांसफार्मर जलने की समस्या खत्म हो सके और भीषण गर्मी में लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया तो ग्रामीणों के साथ मिलकर आंदोलन किया जाएगा। वहीं, गांव के लोगों ने भी जल्द बिजली व्यवस्था सुधारने की मांग की है।

Spread the word