छत्तीसगढ़ में ए.सी.बी. की बड़ी कार्रवाई: रिश्वत लेते JE, लाइनमैन और पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार

मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग जिलों में तीन सरकारी कर्मचारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद संबंधित विभागों में हड़कंप मच गया।

छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के स्थानीय कार्यालय में एसीबी की टीम ने ट्रैप कार्रवाई करते हुए कनिष्ठ अभियंता मनीष बजाज और लाइनमैन राकेश शुक्ला को रिश्वत लेते पकड़ा। आरोप है कि दोनों ने 5 एचपी मोटर कनेक्शन देने के एवज में 10 हजार रुपये रिश्वत मांगी थी।

शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। शिकायतकर्ता को 9 हजार 500 रुपये देकर कार्यालय भेजा गया। जैसे ही दोनों आरोपियों ने रकम ली, एसीबी टीम ने मौके पर दबिश देकर उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल दोनों से पूछताछ जारी है।

बेमेतरा में पटवारी गिरफ्तार

वहीं बेमेतरा जिले के साजा ब्लॉक में भी एसीबी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पटवारी ओंकार सुनवानी को 15 हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा।

जानकारी के अनुसार ग्राम केंद्र निवासी किसान नरोत्तम अपने जमीन संबंधी काम के लिए लगातार पटवारी कार्यालय के चक्कर काट रहा था। आरोप है कि पटवारी ने काम करने के बदले 30 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। पहली किस्त के तौर पर 15 हजार रुपये दिए जाने थे।

किसान की शिकायत पर एसीबी ने जाल बिछाया और जैसे ही पटवारी ने रिश्वत की रकम ली, टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

लगातार हो रही एसीबी की कार्रवाइयों से सरकारी विभागों में हड़कंप का माहौल है। वहीं आम लोगों का कहना है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहनी चाहिए।

Spread the word