कोरबा में जंगल में जुए के फड़ पर पुलिस की दबिश: 11 जुआरी गिरफ्तार, 11.56 लाख से ज्यादा की संपत्ति जब्त

कोरबा। जिले में जुए के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सिंघाली के जंगल में चल रहे जुए के फड़ पर छापा मारा है। थाना बांकीमोंगरा, दीपका और कटघोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके से 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नकद रकम, मोबाइल फोन और 15 दोपहिया वाहन समेत कुल ₹11 लाख 56 हजार 500 की संपत्ति जब्त करने की जानकारी दी है।

सिंघाली जंगल में चल रहा था जुए का फड़

पुलिस के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र के सिंघाली जंगल में जुआ खेले जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर बांकीमोंगरा, दीपका और कटघोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही जुआरियों में हड़कंप मच गया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 11 लोगों को जुआ खेलते हुए मौके से गिरफ्तार किया। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

नकदी, मोबाइल और 15 बाइक जब्त

पुलिस की कार्रवाई में मौके से निम्न सामग्री जब्त की गई है—

  • नकद रकम: ₹74,500
  • मोबाइल फोन: 14 एंड्रॉयड और 1 की-पैड फोन, कुल कीमत ₹2.82 लाख
  • दोपहिया वाहन: बुलेट और स्कूटी समेत 15 मोटरसाइकिलें, कीमत करीब ₹8 लाख
  • कुल जब्ती: ₹11,56,500

ये 11 आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में शिवमोहन सिंग (50), अमित कुमार श्रीवास्तव (48), सफिक खान (25), संजू कुमार साहू (27), ईश्वरी साहू (37), विजय कुमार (52), हेमंत बहादुर कार्की (50), सुमीत यादव (28), अभिमन्यु सिंग (35), सुरेंद्र चौहान (39) और राजू नाहक (33) शामिल हैं।

Spread the word