अमरीका-ईरान समझौते के करीब, यूरेनियम के मुद्दे पर अभी भी रार

वाशिंगटन/तेहरान. अमरीका और ईरान के बीच शांति समझौते को लेकर एक बार फिर उम्मीद जगी है। हाल में अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि दोनों देश युद्ध समाप्त कर होर्मुज स्ट्रेट खोलने के बेहद करीब हैं। वहीं रविवार को अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रूवियो ने अपने एक वक्तव्य में कहा कि होर्मुज स्ट्रेट को लेकर कुछ ही समय में गुड न्यूज आने वाली है।

अमरीकी मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि ईरान अपना संवर्धित यूरेनियम भंडार सौंपने को तैयार है। हालांकि ईरान ने कहा कि परमाणु कार्यक्रम पर कोई बातचीत बातचीत नहीं हुई है। होर्मुज पर ट्रंप के दावे को भी ईरान ने खारिज किया और कहा कि स्ट्रेट पर उसका ही नेतृत्व रहेगा। शांति समझौते की दिशा में सकारात्मक प्रगति होने की बात ईरान ने मानी है। राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने कहा कि ईरान परमाणु हथियार नहीं चाहता। इसके लिए हम दुनिया को गोवारा आश्वस्त कर सकते हैं।

होर्मुज खुलेगा पर अंतिम समझौता नहीं

रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों देशों के बीच शुरुआती सहमति में ईरानी परमाणु कार्यक्रम शामिल नहीं है। इसके लिए अंतिम समझौते में अलग से चर्चा होगी। अभी 60 दिन युद्ध विराम और बढ़ाने व होर्मुज स्ट्रेट को बिना टोल खोलने पर सहमति बनी है।

30 दिन में पुराने ढर्रे पर लौटेगा समुद्री यातायात

होर्मुज स्ट्रेट के खुलने के संकेत के साथ तेहरान की ओर से रविवार को कहा गया कि होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने वाले जहाजों की संख्या 30 दिनों में ही युद्ध से पहले के स्तर पर लौट आएगी।

नेतन्याहू वही करेंगे जो मैं कराना चाहूंगा

अमरीकी मीडिया रिपोर्ट्स ने दो इजराइली रक्षा अधिकारियों हवाले से बताया है कि अमरीका-ईरान की शांति वार्ता से इजराइल लगभग बाहर है। इस बीच राष्ट्रपति ट्रंप ने मीडिया से बातचीत में नेतन्याहू को लेकर कहा कि वह बहुत अच्छे इंसान हैं और वह वही करेंगे, जो मैं उनसे कराना चाहूंगा।

संवर्धित यूरेनियम पर क्यों नहीं बन रही बात

ईरान के पास 60% तक संवर्धित करीब 400 किग्रा यूरेनियम है, जिसे वह शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए बताता है। अमरीका इसे लेना चाहता है, जिससे ईरान इनकार कर चुका।

Spread the word