गुप्त केबल संदेश से खुलासा, इमरान के तख्तापलट के पीछे था अमरीका का हाथ: ‘ड्रॉप साइट’

इस्लामाबाद/वाशिंगटन. पाकिस्तान की राजनीति में एक बार फिर उस समय भूचाल आ गया, जब खोजी अमरीकी वेबसाइट ‘ड्रॉप साइट’ ने एक अत्यंत गोपनीय राजनयिक केबल संदेश (साइफर) को लीक कर दिया। ‘केबल आई-0678’ नाम के इस गुप्त दस्तावेज ने पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के उन दावों को सच साबित कर दिया है, जिसमें उन्होंने अपनी सरकार गिरने के पीछे अमरीकी साजिश का आरोप लगाया था। इस लीक ने साफ कर दिया कि यह कोई घरेलू राजनीतिक घटनाक्रम नहीं, बल्कि वाशिंगटन प्रायोजित ‘सत्ता परिवर्तन’ (रिजीम चेंज) का हिस्सा था।

रूस की तरफ झुकाव से परेशान था अमरीकाः रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इमरान खान की स्वतंत्र विदेश नीति, अमरीका को सैन्य अड्डे देने से इनकार और रूस-चीन की तरफ झुकाव से वाशिंगटन बेहद परेशान था।

खान हटे तो सब माफ कर दिया जाएगा’ : अमरीका की धमकी

लीक हुए साइफर के अनुसार, मार्च 2022 में अमरीका में पाकिस्तान के तत्कालीन राजदूत असद मजीद खान और अमरीकी विदेश विभाग के वरिष्ठ अधिकारी डोनाल्ड लू के बीच एक बेहद गोपनीय बैठक हुई थी। इस बैठक में डोनाल्ड लू ने यूक्रेन युद्ध के पहले ही दिन (23-24 फरवरी 2022) इमरान खान के मॉस्को दौरे पर सख्त नाराजगी जताई थी। दस्तावेज में दर्ज डोनाल्ड लू ने कहा था- ‘यदि इमरान के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव सफल हो जाता है, तो वाशिंगटन में सब कुछ माफ कर दिया जाएगा।’ इसके साथ ही चेतावनी दी गई थी कि यदि इमरान खान इस चुनौती से बच गए, तो पाकिस्तान को अमरीका और यूरोप से पूर्ण ‘अलगाव’ का सामना करना पड़ेगा।

Spread the word