जिला स्तरीय योग प्रतियोगिता संपन्न

कोरबा 16 मई। योगासन भारत के तत्वावधान में देशभर में आयोजित हो रही जिला स्तरीय योग प्रतियोगिताओं की कड़ी में कोरबा में आयोजन संपन्न हुआ। कोरबा योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा गीतांजलि भवन में आयोजित प्रतियोगिता में जिले भर के योग साधकों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। स्पर्धा में ओमकारा योगशाला के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता की गरिमा और निष्पक्षता बनाए रखने के लिए विशेष रूप से रायपुर व अन्य जिलों से राष्ट्रीय स्तर के निर्णायक पहुंचे थे। कठिन आसनों और योग की बारीकियों के आधार पर खिलाड़ियों का मूल्यांकन किया गया। कड़े मुकाबले के बीच ओमकारा योगशाला के खिलाड़ियों ने अपनी एकाग्रता और शारीरिक लचीलेपन का लोहा मनवाया। ओमकारा योगशाला के सात खिलाड़ियों ने विभिन्न इवेंट्स में उत्कृष्ट स्थान प्राप्त कर संस्था और जिले का नाम रोशन किया है। सफल खिलाड़ियों में उज्जवल विश्वकर्मा, फुलेश्वरी शतरंज, कुनिका मित्तल, कुमकुम अहिरवार, नीतू यादव, स्पर्श अग्रवाल, सात्विक डालमिया शामिल हंै। विजेता खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य रूप से महापौर संजूदेवी राजपूत, पार्षद नरेंद्र देवांगन उपस्थित रहे। अतिथियों ने खिलाड़ियों को मेडल और प्रशस्ति पत्र सौंपते हुए कहा कि योग न केवल खेल है बल्कि स्वस्थ जीवन का आधार है। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
