कोरबा में स्थिति सामान्य मगर पेट्रोल – डीजल के दामों में वृद्धि

कोरबा 15 मई। जिले में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर जिला प्रशासन ने कहा कि स्थिति सामान्य है, पब्लिक बिल्कुल न घबराएं। इस बीच तेल कंपनियों ने पेट्रोल पर 3.14 रुपए और डीजल पर 4 रुपए से ज्यादा की बढ़ोत्तरी प्रति लीटर पर की है। सरकारी दावों के बावजूद कुछ पंपों में आसानी से पेट्रो पदार्थ प्राप्त हो रहा है तो कहीं ड्राइनेस की समस्या लोगों को परेशान कर रही है।
जिले में इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के कुल 104 पेट्रोल पंप संचालित हैं। आंकड़ों के अनुसार पेट्रोल (रूस्) का कुल उपलब्ध स्टॉक 913 किलोलीटर और डीजल का 1057 किलोलीटर मौजूद है। पेट्रोल का औसत उपलब्ध स्टॉक 43 प्रतिशत और डीजल का 29 प्रतिशत दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार मई 2026 में जिले में प्रतिदिन औसतन 186 किलोलीटर पेट्रोल और 523 किलोलीटर डीजल की खपत हो रही है, जिसे देखते हुए वर्तमान स्टॉक को पर्याप्त माना गया है। हालांकि कुछ पेट्रोल पंपों में तकनीकी, वित्तीय या लाइसेंस संबंधी कारणों से अस्थायी दिक्कतें सामने आई हैं, लेकिन प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में ईंधन संकट जैसी कोई स्थिति नहीं है। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से कहा कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और आवश्यकता अनुसार ही पेट्रोल, डीजल एवं गैस की खरीद करें, ताकि आपूर्ति व्यवस्था सुचारू बनी रहे। बताया गया कि जिले में घरेलू और व्यवसायिक कुल 28 एलपीजी वितरक कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से 3 लाख 14 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति की जा रही है। वर्तमान स्थिति में जिले में कुल 5876 घरेलू गैस सिलेंडर का स्टॉक उपलब्ध है। प्रतिदिन औसतन 3187 सिलेंडर की रिफिलिंग की जा रही है, जबकि लंबित रिफिल बुकिंग की संख्या 8142 बताई गई है। प्रशासन का दावा है कि उपलब्ध स्टॉक से करीब 2 दिनों तक निर्बाध गैस आपूर्ति संभव है और लगातार नई खेप भी पहुंच रही है। वहीं पेट्रोल और डीजल की स्थिति भी सामान्य बताई गई है।
चार सर्विस सेंटर पर कार्रवाई
बताया गया कि ल्यूशिया फ्यूल्स और तुलसी पेट्रोलियम को अनापेक्षित वृद्धि पर ब्लॉक कर दिया गया है। जबकि बीएस एनर्जी के द्वारा लाइसेंस अपडेशन को लेकर कार्रवाई की गई है। विद्या फ्यूल्स को लेकर फाइनेंसियल इशु का रिमार्क दिया गया है।
गैस आपूर्ति
कोरबा जिले में रसोई गैस का इस्तेमाल करने वाले कुल उपभोक्ताओं की संख्या 3,14,891 है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में इनमें भी उज्ज्वला योजना के हितग्राहियों की संख्या सामान्य से अधिक है। सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर 1,74,527 लोगों को उज्ज्वला योजना से रसोई गैस की सुविधा आबंटित की है। जबकि सामान्य उपभोक्ताओं की संख्या 1,40, 364 है। पूरे जिले में गैस आपूर्ति की व्यवस्था करने के लिए कुल 28 वितरक नियुक्त किये गए हैं। इनमें इंडियन ऑयल के 14, भारत पेट्रोलियम के 8 और हिन्दूस्तान पेट्रोलियम के 6 वितरक शामिल है। बताया गया कि पिछले महीने में दैनिक रिफिल की संख्या 3, 187 की रही है। मौजूदा स्थिति में तीनों कंपनियों के पास कुल रिफिल का स्टॉक 4, 222 बताया गया है।
