ग्राम आमापानी आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचितः सैकड़ों परिवार कर रहे पानी के लिए मशक्कत, सड़क और बिजली की कमी से मुश्किल

अमृतकाल में परेशानी, फिर भी नीचे उतरने को तैयार नहीं
कोरबा 13 मई। जिले के आकांक्षी ब्लॉक पोड़ी उपरोड़ा अंतर्गत ग्राम पंचायत मानिकपुर का आश्रित ग्राम आमापानी आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित है।
पहाड़ की ऊंचाई पर बसे इस गांव में लगभग 120 परिवार के सामने पानी की मुश्किल है। पहाड़ तक न तो सडक बन सकी न बिजली पहुंच सकी। सबसे गंभीर समस्या पेयजल की है। आज भी लोग प्राकृतिक श्रोत के भरोसे है गांव में आज तक एक भी बोरवेल नहीं खोदा गया है, जिसके कारण ग्रामीणों को लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर ढोंडी से पानी लाना पड़ता है। जबकि सडक की कमी से बारिश के मौसम में और दिक्कत होती है। यह क्षेत्र आसपास के इलाके के संपर्क से कट जाता है। लगभग 4 महीने जन सामान्य के हिस्से में केवल मुश्किलें होती है।
शिक्षा और बच्चों के भविष्य को लेकर भी हालात चिंताजनक हैं। गांव में न तो स्कूल है और न ही आंगनबाड़ी केंद्र। छोटे बच्चों को शिक्षा के लिए दूसरे गांव जाना पड़ता है, जिससे कई बच्चे पढ़ाई से दूर हो रहे हैं। महिलाओं और बच्चों को मिलने वाली सरकारी योजनाओं का लाभ भी यहां तक सही तरीके से नहीं पहुंच पा रहा है।
