2 मई से कोरबा-बेंगलुरू के बीच चलेगी नई ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी सुविधा

कोरबा 30 अपै्रल। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने कोरबा और छत्तीसगढ़ के लोगों को इस गर्मी के मौसम में सुविधा देने के बारे में पहली बार सोचा है। कोरबा से यल्हंका बेंगलुरू के बीच नई ट्रेन का परिचालन 2 मई से किया जा रहा है।
गाड़ी संख्या 08261 सुबह 9 बजे कोरबा से प्रस्थान करेगी और तीसरे दिन अपने गंतव्य को पहुंचेगी। इसके लिए बिलासपुर, भाटापारा, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, डोंगरगढ़ और गोंदिया को स्टापेज दिया गया है। इसी प्रकार 3 मई को बेंगलुरू से कोरबा आने वाले गाड़ी संख्या 08262 रात्रि 9 बजे रवाना होगी, यह 5 मई को सुबह 8 बजे कोरबा स्टेशन पहुंचेगी। इस तरह की सूचना शेड्यूल के अंतर्गत दी गई है। इसके लिए भी इन्हीं स्टेशनों को स्टॉपेज घोषित किया गया है।
बताया गया कि गाड़ी में चार वातानुकूलित, 10 स्लीपर, 4 सामान्य और दो लगेज कोच शामिल किए गए हैं। रेलवे का कहना है कि ग्रीष्मकाल में बेंगलुरू और कोरबा के लिए यात्रियों को अच्छी सुविधा देने के इरादे से यह कोशिश की गई है।
