गुजरात के स्थानीय चुनावों में BJP का ऐतिहासिक प्रदर्शन, एकतरफा जीत की चली आंधी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का सूपड़ा साफ

अहमदाबाद. गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा ने ऐतिहासिक प्रदर्शन कर शहरी से ग्रामीण स्तर तक एकतरफा जीत दर्ज की। पार्टी ने सभी 15 महानगरपालिका जीत ली। मनपा की 1044 सीटों में से भाजपा ने 930 सीटें जीतकर दबदबा जमाया। कांग्रेस 91 सीटों पर सिमट गई। अन्य के खाते में महज 12 सीटें गईं। अहमदाबाद महानगरपालिका (192 सीट) में भाजपा ने 158 सीटें जीत लीं, कांग्रेस को 24 सीटें मिलीं। सूरत में भाजपा ने 120 में से 115 सीटें जीतकर लगभग क्लीन स्वीप किया, जबकि आप 4 पर सिमट गई। कांग्रेस ने यहां पर पांच साल बाद खाता खोला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई देते हुए कहा कि गुजरात और भाजपा के बीच संबंध और मजबूत हो रहे हैं।

9 नए निगमों पर भी भाजपा का आधिपत्य

पहली बार 9 महानगरपालिकाओं में हुए चुनावों में भी भाजपा ने अपनी बढ़त बनाए रखी। करमसद-आणंद में 43 सीटें भाजपा को मिलीं, कांग्रेस 8 पर रही। गांधीधाम में भाजपा 41 और कांग्रेस 11 सीटें जीत सकी। नडियाद में भाजपा ने 52 में से 51 सीटें जीतीं। नवसारी में भाजपा को 50 और कांग्रेस को 2 सीटें मिलीं।

नगरपालिका-जिला पंचायतों में भी वर्चस्व

84 नगरपालिकाओं की 2030 सीटों में भाजपा ने 1791 जीतीं। कांग्रेस 414 और अन्य 144 सीटों पर रही। भाजपा ने 34 जिला पंचायतों में से 33 पर शानदार जीत दर्ज की है। केवल नर्मदा जिला पंचायत ही ऐसी रही जहां आम आदमी पार्टी ने भाजपा को मात दी। अधिकांश जिलों में दूसरे स्थान पर कांग्रेस रही।

Spread the word