जेफरी एपस्टीन से जुड़ाव को लेकर पूछे सवाल पर वह भड़क गए ट्रंप

वाशिंगटन. अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने डिनर कार्यक्रम के दौरान हुई फायरिंग की घटना के बाद एक न्यूज चैनल को लंबा इंटरव्यू दिया है। इसमें उन्होंने हमले से जुड़े घटनाक्रम के बारे में भी बताया। इस बीच यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से उनके जुड़ाव को लेकर पूछे सवाल पर वह भड़क गए।

ट्रंप से हमलावर के अपने परिवार को भेजे मैसेज पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा, मुझे पता था कि आप यह पूछेंगे। क्योंकि आप लोग ऐसे ही हैं। हां उसने यह लिखा, लेकिन मैं बलात्कारी नहीं हूं। मैंने वह संदेश पढ़ा है, वह एक बीमार आदमी है। वहीं जब ट्रंप से पूछा गया कि हमलावर ने विशेष रूप से उन्हें निशाना बना रहा था तो ट्रंप भड़क गए। उन्होंने कहा, मैं कोई बच्चों का शोषण करने वाला व्यक्ति नहीं हूं। आप किसी दिमागी रूप से बीमार इंसान की बकवास पढ़ रहे हैं। मुझे ऐसी चीजों से जोड़ा जाता है, जिनसे मेरा कोई लेना देना नहीं है।

मैं घटनाक्रम देखना चाहता था… डिनर के दौरान जो हुआ उसे लेकर ट्रंप से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि वह खुद घटनाक्रम को देखना चाहते थे। इसी वजह से सीक्रेट सर्विस को उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले जाने में समय लग गया।

हमले से लाभ लेने के प्रयास में ट्रंप

होटल में हुए हमले पर अब राष्ट्रपति ट्रंप लाभ लेने का भी प्रयास कर सकते हैं। जुलाई 2024 में रैली में हुए हमले के बाद ट्रंप ने खुद को जुझारू नेता के तौर पर पेश किया था। ईरान युद्ध के बाद से ट्रंप की अप्रूवल रेटिंग काफी नीचे आई है। अब ट्रंप ने खुद को सबसे अच्छे राष्ट्रपतियों में गिनाते हुए अपनी तुलना अब्राहम लिंकन से की है। टैरिफ और रक्षा खर्च को जायज ठहराने का प्रयास भी किया है। बॉलरूम के निर्माण को भी जायज ठहराया।

हमलावर का एपस्टीन कनेक्शन, पहले फिल्म… फिर मैसेज

हमलावर कोल एलन ने फायरिंग से पहले अपने परिवार को एक मैसेज भेज ट्रंप प्रशासन के अधिकारियों को निशाना बनाने की बात कही थी। उसने लिखा था कि मैं किसी भी सूरत में एक बाल यौन शोषण करने वाले, बलात्कारी और देशद्रोही के अपराधों के दाग अपने ऊपर लगने की इजाजत नहीं दूंगा। डिनर से ठीक पहले होटल की दीवार पर एपस्टीन-ट्रंप के रिश्तों से जुड़ी एक फिल्म चलाई गई थी। यह किसने चलाई थी. अभी यह साफ नहीं है।

Spread the word