भारतमाला घोटाले में ED का बड़ा एक्शन, जमीन कारोबारी के ठिकानों पर छापा

रायपुर। भारतमाला परियोजना से जुड़े बहुचर्चित जमीन मुआवजा घोटाले में Enforcement Directorate (ED) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जमीन कारोबारी गोपाल गांधी और उनसे जुड़े लोगों के आधा दर्जन से अधिक ठिकानों पर छापेमारी की है। इस कार्रवाई से प्रदेश में हड़कंप मच गया है।
13 अफसरों की टीम कर रही जांच
जानकारी के अनुसार, ED के 13 अधिकारियों की टीम तड़के अभनपुर स्थित गोपाल गांधी के घर और कार्यालय पहुंची। टीम वहां दस्तावेजों के साथ-साथ डिजिटल साक्ष्यों की गहन जांच में जुटी हुई है।
500 करोड़ से ज्यादा के घोटाले का आरोप
मामला भारतमाला परियोजना के तहत रायपुर-विशाखापत्तनम इकोनॉमिक कॉरिडोर के लिए भूमि अधिग्रहण से जुड़ा है। जांच एजेंसियों के मुताबिक, इस दौरान करीब 500 करोड़ रुपये से अधिक की गड़बड़ी और मुआवजा घोटाले के आरोप सामने आए हैं।
अधिकारियों और दलालों की मिलीभगत
जांच में खुलासा हुआ है कि कृषि भूमि को बैकडेट में गैर-कृषि भूमि में परिवर्तित कर उसका मुआवजा कई गुना बढ़ाया गया। इसमें राजस्व विभाग के अधिकारियों—SDM, तहसीलदार, पटवारी—और जमीन दलालों की मिलीभगत सामने आई है।
इसके अलावा, एक ही खसरे की जमीन को कागजों में छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर अलग-अलग लोगों को मुआवजा दिलाने का खेल भी किया गया।
पहले भी हो चुकी है बड़ी कार्रवाई
इस मामले में ED और Economic Offences Wing (EOW) पहले भी रायपुर और महासमुंद में छापेमारी कर करोड़ों की संपत्तियां अटैच कर चुके हैं। साथ ही 40 लाख रुपये से अधिक नकदी भी जब्त की गई थी।
