चलती बारात बस में लगी भीषण आग, बालोद में मची अफरा-तफरी

बालोद। शादी के सीजन के बीच बालोद जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है, जहां सड़क के बीच चलती बारात बस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद बस में सवार बारातियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
अचानक लगी आग, मची भगदड़
जानकारी के अनुसार, शर्मा ट्रेवल्स (CG 07 E 1171) की बस बारातियों को कांकेर जिले के अरौद गांव से लेकर बालोद जिले के बड़गांव जा रही थी। इसी दौरान पुरुर थाना क्षेत्र के जगतरा मंदिर के पास बस में अचानक आग लग गई।
बड़ा हादसा टला
गनीमत रही कि बस में सवार सभी लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, हालांकि शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
पूरी तरह जलकर खाक हुई बस
आग इतनी भीषण थी कि कुछ ही देर में बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
