घेराबंदी के माहौल में अमेरिका से बातचीत नहीं करेगा ईरान, मुनीर के प्रयास को लगा बड़ा झटका

इस्लामाबाद/वाशिंगटन। अमरीका और ईरान के बीच चल रहे भीषण युद्ध को रोकने की पाकिस्तानी मध्यस्थता में चल रहीं कोशिशें एक बार फिर बेपटरी हो गईं। अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने अपने प्रतिनिधिमंडल, स्टीव विटकॉफ और जेरेड कुशनर का पाकिस्तान दौरा ऐन वक्त पर रद्द कर दिया। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि दौरा रद्द होने के महज 10 मिनट के भीतर ईरान ने एक नया और ‘बेहतर’ प्रस्ताव भेजा है। उधर, ईरान ने साफ कर दिया कि वह घेराबंदी के माहौल में बातचीत नहीं करेगा।
राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने पाकिस्तानी पीएम शहबाज शरीफ से फोन पर बातचीत में कहा कि बातचीत के लिए अमरीका को पहले समुद्री नाकाबंदी हटानी होगी। ईरान फिलहाल अमरीका से सीधी बातचीत के बजाय पाकिस्तान के माध्यम से ‘परोक्ष’ वार्ता पर अड़ा है। वहीं, रविवार को ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची शनिवार को मस्कट में ओमान के सुल्तान से मिलने के बाद रविवार को दोबारा पाकिस्तान पहुंचे है। यहां से अराघची एक बार रूस की यात्रा पर जाएंगे।
हॉर्मुज पर ईरान भी पूरी तरह काबिज
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने साफ कर दिया है कि वे ‘स्ट्रैट ऑफ हॉर्मुज’ से अपनी पकड़ नहीं हटाएंगे। ईरान-अमरीका दोनों के सख्त रुख से ऑयल की कीमतों में उछाल जारी है और ये 105 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है।
अमरीका को 200 अरब का नुकसान
एक रिपोर्ट के अनुसार, 28 फरवरी से शुरू हुए युद्ध में ईरान ने 7 देशों में स्थित अमरीकी सैन्य ठिकानों, कमांड सेंटरों और विमान हैंगरों को भारी नुकसान पहुँचाया है। मरम्मत की लागत 200 अरब डॉलर होने का अनुमान है।
ईरान युद्ध से महंगाई, राष्ट्रपति ट्रंप की मुश्किलें बढ़ना तय
अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप भले ही ईरान युद्ध में अपनी जीत के दावे कर रहे हो, लेकिन उनके ही देश में इस मुद्दे पर अब वह घिरते जा रहे हैं। युद्ध के कारण बढ़ी ईंधन की कीमतों ने अमरीका में महंगाई बढ़ने का जोखिम बढ़ा दिया है। अमरीकी उपभोक्ताओं का सेंटीमेंट अप्रैल महीने में बेहद नीचे चला गया है। प्रतिष्ठित मिशिगन विश्वविद्यालय ने इस बाबत एक उपभोक्ता सर्वे किया है। जिसके नतीजे चौंकाने वाले आए हैं। अप्रैल माह में अमरीकी कंज्यूमर सेंटीमेंट इंडेक्स गिरकर 49.8 पर आ गया है। जो अब तक का सबसे निचला स्तर है।
अब तक 37 जहाजों का रास्ता बदला
‘सीजफायर’ के बीच अमरीका की ओर से समुद्री नाकाबंदी जारी है। अब तक 37 जहाजों का रास्ता बदला जा चुका है। दूसरी ओर ईरान ने चेतावनी दी, उकसावे की स्थिति में अमरीकी ठिकानों पर सबसे बड़ा मिसाइल हमला’ करेगा। उधर, अमरीकी सेंट्रल कमांड ने ईरानी तेल ले जा रहे जहाज ‘सेवान’ को रोका। यह 19 जहाजों वाली ‘शैडो फ्लीट’ है।
